एक्सेल शीट में कृति देव को यूनिकोड में कैसे बदलें
अंतिम बार देखा गया: 2026-09-26
कर्मचारियों की सूची, वेतन का ब्यौरा, थानों की रिपोर्ट, सालों से कृति देव वाली एक्सेल शीट में चल रही है। अब किसी पोर्टल पर चढ़ानी है, या मोबाइल पर खोलनी है, और वहाँ सब dk;kZy; जैसा दिखता है। शीट को यूनिकोड में बदल दीजिए, फिर वह हर जगह सही खुलेगी।
तरीका
- शीट
.xlsxमें होनी चाहिए। पुरानी.xlsहै तो एक्सेल में खोलकर File → Save As से "Excel Workbook (.xlsx)" चुनकर सेव कर लीजिए। - कनवर्टर पर ऊपर Kruti Dev → Unicode चुनिए।
- फाइल डालिए और बदली हुई फाइल डाउनलोड कर लीजिए।
एक्सेल या वर्ड फाइल डालिए। सारी शीटें एक साथ बदल जाती हैं।
कृति देव → यूनिकोड बदलेंकौन से खाने बदले जाते हैं
कृति देव की दिक्कत यह है कि फाइल के अन्दर हिन्दी होती ही नहीं, अंग्रेजी के अक्षर होते हैं। "dk;kZy;" कृति देव में कार्यालय है, पर किसी अंग्रेजी खाने में यही अक्षर हों तो वह अंग्रेजी ही है। इसलिए टूल अक्षरों से नहीं, खाने के फॉन्ट से पहचानता है। जिस खाने का फॉन्ट Kruti Dev (या DevLys) है, वही बदला जाता है। बाकी खाने, जैसे अंग्रेजी के नाम या ईमेल, जैसे थे वैसे रहते हैं।
हर शीट का हर खाना देखा जाता है, सिर्फ पहली शीट नहीं। बदले गए खानों का फॉन्ट Mangal हो जाता है और साइज थोड़ा कम कर दिया जाता है, क्योंकि उसी साइज पर मंगल कृति देव से बड़ा दिखता है।
एक ही खाने में हिन्दी और अंग्रेजी
"दिनांक 15.08.2024 को" जैसे खाने में, जहाँ कुछ हिस्सा कृति देव में और कुछ अंग्रेजी फॉन्ट में है, हर हिस्सा अलग से संभाला जाता है। कृति देव वाला हिस्सा यूनिकोड बनता है, अंग्रेजी वाला हिस्सा अपने फॉन्ट में रहता है। पूरे खाने को एक ही फॉन्ट में नहीं ठूँसा जाता।
फॉर्मूले सुरक्षित रहते हैं
कॉलम के नीचे वाला =SUM(B2:B40) जैसा जोड़ बदला नहीं जाता, फॉर्मूला फॉर्मूला ही रहता है। अगर फॉर्मूले के अन्दर उद्धरण चिह्नों में कोई हिन्दी शब्द लिखा है, जैसे =IF(C2>=33,"gk¡","ugha") में "हाँ" और "नहीं", तो सिर्फ वही शब्द यूनिकोड में बदलते हैं।
बदलने के बाद एक बार यह देख लीजिए
- कॉलम की चौड़ाई। मंगल के अक्षर थोड़े ऊँचे होते हैं, तो कहीं-कहीं लाइन कटी हुई लग सकती है। कॉलम के किनारे पर डबल-क्लिक करने से चौड़ाई अपने आप बैठ जाती है।
- नाम वाले कॉलम में दो-चार नाम पढ़कर देख लीजिए। कृति देव में टाइप करते समय लोग कई बार गलत कुंजी दबा देते हैं (जैसे "कि" की जगह "की"), वह गलती यूनिकोड में भी वैसी ही आएगी। टूल वही बदलता है जो टाइप किया गया था।
- अगर शीट किसी पोर्टल पर चढ़ानी है तो पहले उसकी एक कॉपी रख लीजिए। मूल फाइल को टूल छूता नहीं, बदली हुई फाइल अलग से डाउनलोड होती है।
उल्टा काम भी यहीं होता है। यूनिकोड वाली शीट को कृति देव में चाहिए तो ऊपर Unicode → Kruti Dev चुनकर वही फाइल डाल दीजिए।